हमसे न हो पाएगा... ट्रंप के अमेरिका में 75% लोगों ने हाथ खड़े किए, 38 साल में पहली बार हुआ ऐसा
Updated on
04-09-2025 03:38 PM
नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने देश के लोगों को अमीर बनाने का वादा किया है। इसके लिए उन्होंने दुनिया भर के देशों पर जमकर टैरिफ लगाया है। लेकिन उनकी यह मुहिम उल्टी पड़ती दिख रही है। देश में कॉस्ट ऑफ लिविंग लगातार बढ़ रही है। एक सर्वे के मुताबिक अमेरिका में केवल 25% लोगों का मानना है कि उन्हें अपने लिविंग स्टैंडर्ड में सुधार की उम्मीद है। वॉल स्ट्रीट जर्नल का यह सर्वे 1987 में शुरू हुआ था और यह पहला मौका है जब 75% लोगों का मानना है कि वह अगली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य नहीं देखते हैं।इस सर्वे के मुताबिक 2020 से पहले कई साल तक 50% से 60% अमेरिकी भविष्य को लेकर आशान्वित थे। ताजा सर्वे में शामिल 70 फीसदी लोगों ने कहा कि अमेरिकन ड्रीम अब एक ऐसा सपना बनकर रह गया है जिसके पूरे होने की उम्मीद कम है। यह 15 साल में सबसे बड़ा आंकड़ा है। यानी इतनी बड़ी संख्या में लोग कभी भी देश के भविष्य को लेकर निराश नहीं थे। चिंता की बात यह है कि हर उम्र, हर वर्ग और हर इलाके के लोग ऐसा सोचते हैं।कर्ज का जाल
यह स्थिति तब है जबकि अमेरिका की इकॉनमी ठीकठाक प्रदर्शन कर रही है। लेकिन देश का कर्ज लगातार बढ़ रहा है। यह 37 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है जो देश की इकॉनमी का करीब 125% है। इस कर्ज के भुगतान के लिए अमेरिका को भारी पैसा देना पड़ रहा है। टैरिफ के कारण आने वाले दिनों में अमेरिका में महंगाई बढ़ने का खतरा है। अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी है और पूरी दुनिया से खाने-पीने का सामान मंगाता है। अब टैरिफ के कारण विदेशों से आने वाला सामान महंगा हो जाएगा।