22 साल की उम्र में अरबपति बन गए तीन दोस्त, मार्क जकरबर्ग को पीछे छोड़ा, दो का कनेक्शन भारत से
Updated on
04-11-2025 01:34 PM
नई दिल्ली: कोई शख्स कितनी उम्र में अरबपति बन सकता है? यह एक ऐसा सवाल है, जिसका सही-सही जवाब देना आज के समय बड़ा मुश्किल है। कोई शख्स 25 साल की उम्र तक अरबपति बन जाता है तो कोई 60 साल के बाद भी नहीं बन पाता। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि उस शख्स का कारोबार कैसा है। लेकिन अगर कोई 22 साल की उम्र में ही अरबपति बन जाए तो इसे आप क्या कहेंगे?22 साल के तीन युवा दोस्तों ने ऐसा ही कर दिखाया है। आदर्श हिरेमठ और सूर्या मिधा अपने हाई स्कूल के दोस्त ब्रेंडन फूडी के साथ दुनिया के सबसे कम उम्र के सेल्फ-मेड अरबपति बन गए हैं। इनमें आदर्श हिरेमठ और सूर्या मिधा भारतवंशी हैं। इन्होंने मेटा (फेसबुक) के को-फाउंडर मार्क जकरबर्ग को पीछे छोड़ दिया है। मार्क 23 साल की उम्र में इस मुकाम पर पहुंचे थे। जकरबर्ग साल 2008 में 1.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ सबसे कम उम्र के सेल्फ-मेड अरबपति थे। वह उस साल फोर्ब्स वर्ल्ड्स बिलेनियर लिस्ट में 1,125 अन्य लोगों के साथ शामिल थे।क्या है इनका काम?
हिरेमठ, मिधा और फूडी ने सैन फ्रांसिस्को स्थित AI रिक्रूटिंग प्लेटफॉर्म Mercor की स्थापना की। इस कंपनी ने हाल ही में 10 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन पर 350 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। प्रत्येक फाउंडर के पास कंपनी में लगभग 22% हिस्सेदारी है, जिससे उनकी व्यक्तिगत संपत्ति करीब 2 अरब डॉलर हो जाती है।