एक्शन में आई सरकार, कंपनी से कहा- जल्दी दूर करो समस्या
Updated on
19-07-2024 04:56 PM
नई दिल्ली: दुनियाभर में आई माइक्रोसॉफ्ट में खराबी को लेकर केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। इस खराबी के कारण भारत समेत दुनिया की कई एयरलाइंस का संचालन ठप हो गया। सिर्फ एयरलाइंस ही नहीं, बैंकों के सर्वर बंद हो गए और लंबी लाइन लग गईं। दिल्ली, मुंबई समेत कई एयरपोर्ट पर ऑनलाइन चेक-इन की सुविधा बंद हो गई। इंडियो एयरलाइंस ने हाथ से बोर्डिंग पास जारी किया। इसी समस्या के समाधान को लेकर भारतीय दूरसंचार विभाग (DoT) और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeITY) माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में हैं और बातचीत चल रही है।वहीं दूसरी ओर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देश की सभी एयरलाइंस कंपनियों को निर्देश दिया है कि अगर उनकी कोई उड़ान में देरी है या रद्द हो गई है तो इसकी जानकारी मेसेज के जरिए ग्राहकों को दी जाए। एक मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक एयरलाइंस को कहा गया है कि चेक-इन में देरी हो रही है तो इसके बारे में सभी यात्रियों को SMS के जरिए जानकारी दी जाए। साथ ही अगर कोई फ्लाइट रद्द कर दी गई है तो इसकी भी जानकारी यात्री को दें। सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट से इस समस्या को जल्द दूर करने के लिए कहा है।
इन एयरलाइंस पर पड़ा असरइस समस्या का सबसे ज्यादा असर अमेरिका और दूसरे देशों में देखा गया है। इसकी वजह से इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा आदि एयरलाइंस के अलावा कई और विदेशी एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस, एयर फ्रांस आदि शामिल हैं। वहीं भारत में सबसे ज्यादा असर दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया। इसके अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, बर्लिन, लंदन, सिडनी, सिंगापुर आदि एयरपोर्ट पर भी इस समस्या से प्रभावित रहे।