आपके फोन पर फ्रॉड SMS भेज रही थी टेलीमार्केटिंग कंपनियां, सरकार ने सिखा दिया सबक
Updated on
18-07-2024 02:50 PM
नई दिल्ली: देश में एसएमएस धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच दूरसंचार विभाग (DoT) ने दो टेलीमार्केटिंग कंपनियों का ऑपरेशन सस्पेंड कर दिया है। इनमें वी-कॉन इंटेलीजेंट सिक्योरिटी (V-con Intelligent Security) और वनएक्सटेल मीडिया (OneXtel Media) शामिल हैं। विभाग ने 15 जुलाई को जारी अपने निर्देश में कहा कि दोनों ने दुर्भावनापूर्ण और फिशिंग एसएमएस भेजने के लिए अपने प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग किया। दूरसंचार विभाग का दावा है कि दोनों कंपनियों ने धोखाधड़ी वाले लाखों एसएमएस भेजे हैं। वीडियोकॉन ग्रुप की कंपनी वी-कॉन और वनएक्सटेल मीडिया को जनवरी 2024 से स्मार्टफोन यूजर्स को 55.5 मिलियन धोखाधड़ी वाले एसएमएस भेजने के लिए जिम्मेदार पाया गया।विभाग ने यह कार्रवाई चक्षु पोर्टल पर दुर्भावनापूर्ण एसएमएस के बारे में टेलीकॉम यूजर्स की शिकायतें मिलने के बाद की है। जांच में शामिल अधिकारियों ने कहा कि विभाग ने 131 प्रिंसिपल एंटिटीज, 5,000 SMS कंटेंट टेम्प्लेट और 700 SMS हेडर को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश दिया है। हालांकि धोखाधड़ी करने वाले भेजने वाले ब्लॉकचेन-आधारित SMS फिल्टरिंग सिस्टम को धोखा देने के लिए नए हेडर लेकर आए। जांच में यह भी पाया गया कि वी-कॉन और वनएक्सटेल में से एक कंपनी को ऐसे बैंक अकाउंट्स से पैसे मिले थे जिसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अपराधों की कई शिकायतें मिली थीं। इनमें अवैध स्टॉक इनवेस्टमेंट फ्रॉड शामिल थे।