रिलायंस रिटेल के विदेशी पार्टनर ने दो साल में ही छोड़ दिया साथ, धड़ाधड़ बंद होने लगे स्टोर
Updated on
23-08-2024 02:35 PM
नई दिल्ली: भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस रिटेल और उसकी एक ब्रिटिश पार्टनर ने अपनी पार्टनरशिप खत्म कर दी है। ब्रिटेन के जाने-माने फुटवियर ब्रांड क्लार्क्स और रिलायंस रिटेल ने दो साल पहले जॉइंट वेंचर बनाया था। सूत्रों ने बताया कि साझेदारी की शर्तों को लेकर दोनों कंपनियों के बीच मतभेद उभरे थे। इस कारण यह जॉइंट वेंचर काम नहीं कर पा रहा था। यही कारण है कि दोनों कंपनियों ने इस पार्टनरशिप को खत्म कर दिया है। देश की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल ने इस बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। क्लार्क्स से भी कमेंट के लिए तुरंत संपर्क नहीं किया जा सका। सूत्रों ने बताया कि पार्टनरशिप के नाकाम होने के बाद क्लार्क्स ने भारत में अपने स्टोर बंद करना शुरू कर दिया है।