इन्फोसिस के शेयर पर कमाई का मौका, कंपनी ने सबसे बड़े बायबैक को दी मंजूरी
Updated on
12-09-2025 02:31 PM
नई दिल्ली: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी इन्फोसिस शेयर बायबैक करेगी। कंपनी के बोर्ड ने 18,000 करोड़ रुपये के अपने सबसे बड़े शेयर पुनर्खरीद कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। कंपनी इस कार्यक्रम पर आगे बढ़ने के लिए अब शेयरधारकों की मंजूरी लेगी। कंपनी ने कहा कि बायबैक प्रोग्राम के तहत वह प्रति शेयर 1,800 रुपये के भाव पर अपने शेयर खरीदेगी। यह भाव गुरुवार को बीएसई पर इन्फोसिस के शेयर के बंद भाव 1,509.50 रुपये की तुलना में करीब 19 प्रतिशत अधिक है।इन्फोसिस अपने शेयरधारकों से 10 करोड़ पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों को वापस खरीदेगी जो इसकी कुल चुकता शेयर पूंजी का 2.41 प्रतिशत है। शेयर पुनर्खरीद की प्रक्रिया में कंपनी खुले बाजार से अपने शेयर वापस खरीदती है। ऐसा करने से बाजार में शेयरों की संख्या घट जाती है जिससे बचे हुए शेयरों का मूल्य बढ़ सकता है और कंपनी की प्रति शेयर आय में सुधार होता है। इन्फोसिस के इस कदम से शेयरधारकों को मूल्य लौटाने और निवेशकों के भरोसे को मजबूत करने में मदद मिलने की संभावना है।सबसे बड़ा बायबैक
इस पुनर्खरीद कार्यक्रम का आकार कंपनी के पिछले सभी प्रयासों से बड़ा है। इन्फोसिस ने इसके पहले वर्ष 2017, 2019, 2021 और 2022 में भी शेयरों की पुनर्खरीद की थी। वर्ष 2022 में कंपनी ने लगभग 9,300 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदे थे जबकि 2021 में पुनर्खरीद का आकार करीब 9,200 करोड़ रुपये था। इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण इस समय करीब छह लाख करोड़ रुपये है।