टिकट बुक किया था फ्लाइट से मुंबई जाने का, बोर्डिंग पास लेने पहुंचे तो बताया 'आपके लिए कार का इंतजाम किया गया है'
Updated on
16-07-2025 01:34 PM
भुज: आप हवाई जहाज से यात्रा का टिकट लेते हैं और एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चलता है कि प्लेन की सभी सीटें फुल हैं। आपको कहा जाता है कि आपके लिए टैक्सी का इंतजाम कर दिया गया है। तो फिर आपको कैसा लगेगा? ऐसा ही कुछ बीते शनिवार को गुजरात के भुज एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों के साथ हुआ।क्या था वाकया
हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक खबर के मुताबिक बीते शनिवार की सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट AI609 भुज से मुंबई के लिए सुबह 8:55 बजे उड़ान भरने वाली थी। कुछ यात्रियों ने चेक-इन करके बोर्डिंग पास भी ले लिया था। लेकिन कुल 13 यात्री फ्लाइट में बोर्ड नहीं कर पाए। कुछ लोगों को तो बोर्डिंग पास ही नहीं मिला। कुछ को बोर्डिंग पास मिला, लेकिन बाद में बताया गया कि फ्लाइट में सीट नहीं है। उनके से कई यात्री कच्छ जिले के दूर-दराज के इलाकों से फ्लाइट पकड़ने आए थे। दरअसल, एयरलाइन ने आखिरी समय में एयरक्राफ्ट में कुछ बदलाव किया था, जिसके कारण यह गड़बड़ हुई।