नई दिल्ली: राजधानी समेत देश के तमाम हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे एयर कंडीशनर (AC) की मांग बढ़ी है। इसका असर एसी की कीमत पर भी पड़ा है। AC की कीमतों में 6 से 8% तक की बढ़ोतरी हुई है। वोल्टास, LG और लॉयड जैसी कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि इस साल गर्मी कहर ढा रही है। लिहाजा, मांग तेजी से बढ़ी है। हालत यह है कि मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं पा रही। इंस्टॉलेशन और सर्विस के लिए जमीनी स्तर पर मैनपावर की भी कमी हो गई है।एक प्रमुख कंपनी के बड़े अधिकारी ने कहा, इनपुट लागत हर तरफ से बढ़ने से हमारे पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा। जिन कंपनियों के पास बाजार में अब भी स्टॉक मौजूद है, वे इस माहौल का फायदा उठाने में भी लगी हैं।
2024 में डेढ़ करोड़ AC बिकने की उम्मीद
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड अप्लायंसेज मैन्युफैक्चरर्स असोसिएशन के अध्यक्ष सुनीलबचानी ने कहा कि इस साल इंडस्ट्री में 30-40% बढ़ोतरी की उम्मीद है। 2024 में डेढ़ करोड़ AC बिकने की उम्मीद है, जबकि पिछले साल यह 1.15 करोड़ यूनिट थी। उम्मीद है कि अगले साल इंडस्ट्री तैयार रहेगी, क्योंकि ग्लोबल वार्मिंग अब एक सच है।
कंपनियों ने बढ़ाई मैन्युफैक्चरिंग
हैवेल्स के स्वामित्व वाली लॉयड (Lloyd) के कार्यकारी उपाध्यक्ष आलोक टिक्कू ने कहा कि कंपनी राजस्थान और आंध्र प्रदेश में AC मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए 50-60 करोड़ का नया निवेश कर रही है।
AC इंडस्ट्री के लिए सुनहरा साल
LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के अधिकारी संजय चितकारा ने कहा, यह साल AC इंडस्ट्री के लिए एक सुनहरा साल रहा है। हम जून के महीने में भी बिक्री को लेकर बहुत उत्साहित है क्योंकि कई राज्यों में तापमान अधिक है।