नई दिल्ली: शेयर बाजार में इस सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पहले बाजार में बड़ी गिरावट आई, उसके बाद शानदार रिकवरी देखने को मिली थी। बाजार सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को उछाल के साथ बंद हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2024-25 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के वृद्धि दर के अनुमान को सात प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया है, जिसके चलते बाजार में यह तेजी देखने को मिली थी। दिन में कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,720.8 अंक या 2.29 प्रतिशत उछलकर 76,795.31 के नए रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया था। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,618.85 अंक या 2.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,693.36 अंक पर बंद हुआ। यह इसका नया रेकॉर्ड है।
इसी तरह एनएसई निफ्टी दिन के कारोबार में 498.8 अंक या 2.18 प्रतिशत चढ़कर 23,320.20 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी दिन में कारोबार के दौरान के अपने रिकॉर्ड उच्चस्तर को छूने से केवल 18.5 अंक दूर है। कारोबार के अंत में निफ्टी 468.75 अंक या 2.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,290.15 अंक पर बंद हुआ था।
इन शेयरों में रही तेजी
ब्याज दर के प्रति संवेदनशील बैंक, रियल्टी और आटोमोबाइल के अलावा आईटी शेयरों में तेज बढ़त दर्ज की गई थी। सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियां बढ़त के साथ बंद हुईं थीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा, विप्रो, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और टाटा स्टील में शानदार तेजी देखने को मिली थी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बाजार का शॉर्ट टर्म ट्रेंड काफी अच्छा दिख रहा है। निफ्टी अब तक के हाइएस्ट लेवल के करीब बंद हुआ है। जब तक 23 हजार का लेवल नहीं टूट जाता बाजार में गिरावट पर खरीदारी होने की उम्मीद दिख रही है।
कैसी रहेगी बाजार की चाल
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के लिए ऊपर की तरफ 23500-23600 पर रजिस्टेंस दिख रहा है। वहीं निचले स्तर पर 23 हजार पर सपोर्ट है। ये सपोर्ट टूटने पर मुनाफा वसूली देखने को मिल सकती है। जानकारों का कहना है कि निफ्टी 50 इंडेक्स 23,338 के पिछले रेकॉर्ड को पार करते हुए नए ऑलटाइम हाई को छूने की ओर बढ़ रहा है। इस समय मोमेंटम काफी अच्छा है। जब तक निफ्टी 22,400-22,500 के सपोर्ट पर टिका रहेगा तब तक इसमें आगे बढ़ने की संभावना कायम रहेगी।