छोटी कार पर बड़ा उपहार... दिवाली से पहले मिडिल क्लास को मिलेगी राहत, जानें कितने रुपये का होगा फायदा
Updated on
18-08-2025 01:17 PM
नई दिल्ली: सरकार मिडिल क्लास को बड़ी राहत देने जा रही है। दिवाली से पहले सरकार आम आदमी को बड़ा उपहार दे सकती है। यह उपहार जीएसटी की दर में देखने को मिलेगा। दरअसल, सरकार जीएसटी में कुछ बदलाव करने की सोच रही है। इससे छोटी कारों के बाजार में थोड़ी रौनक आ सकती है। आजकल लोग बड़ी गाड़ियां, जैसे एसयूवी, ज्यादा पसंद कर रहे हैं, इसलिए छोटी कारों की बिक्री कम हो रही है।अभी कारों पर कितना है जीएसटी?
छोटी कारें मतलब 4 मीटर से कम लंबी और 1200 CC तक के इंजन वाली पेट्रोल, सीएनजी और एलपीजी गाड़ियां। इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार इन पर कारों अभी 28% जीएसटी और 1% सेस लगता है। बड़ी कारों और एसयूवी पर 40% तक टैक्स लगने की बात हो रही है। अभी इन गाड़ियों पर जीएसटी और सेस मिलाकर 43 से 50% तक टैक्स लगता है। इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर जीएसटी की दर में कोई बदलाव नहीं होगा। इन पर अभी 5% टैक्स लगता है।कितना होगा नया जीएसटी?
छोटी कारों पर अब 18% टैक्स लगने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर जीएसटी में 11% की कमी होती है, तो छोटी कारों की कीमत 12 से 12.5% तक कम हो सकती है। अवेंटियम एडवाइजर्स के मैनेजिंग पार्टनर वीजी रामकृष्णन का कहना है कि अगर कारों की कीमत 20,000 से 25,000 रुपये तक भी कम होती है, तो भी लोगों को अच्छा लगेगा और वे ज्यादा कारें खरीदेंगे। यानी सस्ती कारों की मांग बढ़ सकती है।पीएम ने किया था ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर जीएसटी में बदलाव की बात कही थी। उन्होंने कहा था, 'हम अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार ला रहे हैं। इससे पूरे देश में टैक्स का बोझ कम होगा। यह दिवाली से पहले एक उपहार होगा।'