नई दिल्ली: कर्नाटक में कुछ दिन पहले ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। अब राज्य में दूध की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। ईंधन की कीमतें बढ़ने के नाम पर कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (Karnataka Milk Federation) ने मंगलवार को दूध के कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की। दूध के नए दाम बुधवार से लागू हो जाएंगे। हालांकि, दूध की बढ़ी कीमतें लागू होने के बाद ग्राहकों को हर पैक पर 50 ग्राम अतिरिक्त दूध मिलेगा।
प्रति पैक दो रुपये महंगा होगा दूध
कर्नाटक मिल्क फेडरेशन के मुताबिक अब नंदिनी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति पैक की बढ़ोतरी की जा रही है। हालांकि, ग्राहकों को अब हर पैक पर 50 मिलीलीटर अतिरिक्त दूध मिलेगा। मतलब कि 500 मिलीलीटर दूध के पैकेट के स्थान पर 550 मिलीलीटर वाले पैकेट आएंगे और 1 लीटर वाले पैकेट के स्थान पर 1.05 लीटर वाले पैकेट आएंगे। कर्नाटक में दूध की कीमतें आखिरी बार जुलाई 2023 में बढ़ाई गई थीं।