स्टॉक मार्केट में गिरावट के बीच उछले अडानी ग्रुप के शेयर, जान लीजिए वजह
Updated on
19-09-2025 01:50 PM
नई दिल्ली: शेयर मार्केट में गिरावट के बीच देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के शेयरों में आज भारी उछाल देखने को मिली है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने गौतम अडानी और उनके परिवार को हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों पर क्लीन चिट दे दी है। इसके बाद अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार में तेजी आई है। अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर 13.3% तक बढ़ गए। सबसे ज्यादा उछाल अडानी टोटल गैस के शेयरों में आया। यह शेयर 13% बढ़कर 687.35 रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह अडानी पावर के शेयर 9% बढ़कर 686.95 रुपये पर पहुंच गए।ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर भी लगभग 5% बढ़े। अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 2,519.55 रुपये और अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर 1,032.30 रुपये पर पहुंच गया। अडानी पोर्ट्स के शेयर 2.8% और AWL एग्री बिजनेस के शेयर 3% बढ़े। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर लिस्ट के मुताबिक इस तेजी से गौतम अडानी की नेटवर्थ में 3 अरब डॉलर की तेजी आई है।सेबी की क्लीन चिट
अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी 2023 में अडानी ग्रुप पर स्टॉक में हेरफेर और अकाउंटिंग में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। इससे ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। लेकिन सेबी का कहना है कि उसकी जांच में अडानी ग्रुप के खिलाफ धोखाधड़ी, पैसे के दुरुपयोग या झूठे रिकॉर्ड नहीं मिले।सेबी ने अपनी जांच में पाया कि अडानी ग्रुप के प्रमोटरों ने कुछ कंपनियों के जरिए पैसे इधर-उधर भेजे लेकिन ये सामान्य लोन के लेन-देन थे। जांच शुरू होने से पहले ही सारा पैसा ब्याज के साथ वापस कर दिया गया था। अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ने कुछ कंपनियों को लोन दिया था। इन कंपनियों ने फिर अडानी पावर और अडानी एंटरप्राइजेज को पैसा भेजा। बाद में, दोनों कंपनियों ने ब्याज के साथ लोन चुका दिया।