19 लाख नौकरियां... कहां और कैसे मिलेगी, सरकार ने बता दिया तरीका
Updated on
30-07-2024 02:04 PM
नई दिल्ली: केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि देश में नौकरियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नैशनल करियर सर्विस पोर्टल पर उपलब्ध 19 लाख से अधिक रोजगार के अवसर का हवाला दिया। मांडविया ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सदस्य कल्याण बनर्जी के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने रोजगार सृजन के लिए कई योजनाएं चलाई हैं और अब बेरोजगारी दर घटकर 3.2 प्रतिशत रह गई है तथा भविष्य में इसके तीन प्रतिशत से नीचे आने की उम्मीद है। मांडविया ने कहा, ‘जब किसी देश की अर्थव्यवस्था सात-आठ प्रतिशत की दर से आगे बढ़ती है तो यह उस समय बढ़ती है जब मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र बढ़ता है, सेवा क्षेत्र बढ़ता है, क्रय शक्ति बढ़ती है। यह सब होता है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। चिंता करने की बात नहीं है।’