कितनी है बुक माय शो के सीईओ आशीष हेमराजानी की नेटवर्थ? 2500 रुपये का टिकट एक लाख में बेचने का है आरोप
Updated on
28-09-2024 01:26 PM
नई दिल्ली: बुक माय शो (BookMyShow) के सीईओ और को-फाउंडर आशीष हेमराजानी (Ashish Hemrajani) को मुंबई पुलिस ने समन जारी किया है। बुक माय शो ऑनलाइन टिकट बेचने का प्लेटफॉर्म है। आशीष को यह समन टिकटों की कालाबाजारी करने के आरोप में जारी हुआ है। आशीष पर आरोप है कि उन्होंने अगले साल होने वाला 'कोल्डप्ले कॉन्सर्ट' के टिकट महंगे दाम पर बेचे हैं। आशीष अरबों रुपये के मालिक हैं।क्या है कालाबाजारी का मामला?
अगले साल जनवरी में कोल्डप्ले बैंड मुंबई में परफॉर्म करेगा। इसके लिए बुक माय शो पर टिकट की बिक्री की गई थी। वकील अमित व्यास ने इस कॉन्सर्ट के लिए बुक माय शो पर कालाबाजारी का आरोप लगाया है। इस मामले में अमित ने गुरुवार को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराई थी। टिकटों को 30 से 50 फीसदी ज्यादा कीमत पर बेचा गया है। इन पर यह भी आरोप है कि 2500 रुपये का टिकट एक लाख रुपये तक बेचा गया है।पेड़ के नीचे आया आइडिया
आशीष को बुक माय शो का आइडिया एक पेड़ के नीचे आया था। दरअसल, दो साल तक जॉब करने के बाद वह छुट्टियां मनाने दक्षिण अफ्रीका गए थे। वहां वह खाली समय में पेड़ के नीचे बैठ रेडियो पर एक प्रोग्राम सुन रहे थे। उस प्रोग्राम में उन्होंने रग्बी गेम की टिकट के बारे में विज्ञापन सुना। यहां उन्हें आइडिया आया कि क्यों न ऐसा ही कुछ फिल्मों की टिकट के लिए भी किया जाए। भारत लौटने से पहले तक उनका पूरा प्लान तैयार था।