
हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी का आज एनकाउंटर किया गया। आरोपी फरीदाबाद में छिपा हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच टीम उसे पकड़ने पहुंची। यहां उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की।
इस दौरान आरोपी के पैर में गोली। इससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। ये मुठभेड़ शुक्रवार सुबह ग्रेटर फरीदाबाद में फरीदपुर-तिगांव रोड पर हुई।
आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक इशांत गांधी पर कई मामले दर्ज हैं।
दरअसल, 17 अगस्त को एल्विश के घर पर 24 राउंड फायरिंग हुई थी। घर के दरवाजों, खिड़की और छत की सीलिंग पर गोलियां लगी थीं। फायरिंग करते हुए आरोपियों का CCTV फुटेज सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी थी।
अब विस्तार से पढ़िए कैसे हुआ पुलिस एनकाउंटर
फायरिंग के वक्त घर पर नहीं था एल्विश 17 अगस्त को सुबह 5.30 बजे सेक्टर 57 स्थित एल्विश के घर पर गोलियां चली थी। फायरिंग के बाद एक CCTV फुटेज सामने आया था। जिसमें चेहरा ढके और हेलमेट पहने 2 युवक भागते दिखे थे। उन्होंने एल्विश के घर के बाहर खड़े होकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। ये गोलियां घर की बालकनी, दीवारों-खिड़कियों और दरवाजों पर लगीं। हमले के वक्त एल्विश घर पर नहीं था। उनकी मां सुषमा यादव, पिता रामअवतार और केयरटेकर ही घर पर थे।
भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ली एल्विश के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी। सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- जो एल्विश यादव के घर गोली चली, वह नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने चलवाई है। इसको हमने अपना परिचय दिया है। सट्टे का प्रमोशन कर इसने कई घर बर्बाद कर दिए। सोशल मीडिया के कीड़ों को वॉर्निंग है कि जो सट्टे का प्रमोशन करते मिल गया, उसके पास गोली या कॉल कभी भी आ सकती है। जो भी सट्टे वाले हैं, वे तैयार रहें।
एल्विश के घर पर पुलिस के 4 जवान तैनात फायरिंग के बाद पुलिस ने एल्विश यादव के घर पर 4 हथियारबंद जवानों को तैनात किया है। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि अगले आदेश तक सुरक्षाकर्मी यादव के घर पर तैनात रहेंगे।