स्पिन गेंदबाज करेंगे राज या बल्ले का दिखेगा कमाल, जानें एम ए चिदंबरम स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
Updated on
28-03-2025 01:35 PM
चेन्नई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2025 के मैच में जब चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी तो टीम की नजरें यहां जीत के 17 साल के इंतजार को खत्म करने पर होंगी। आरसीबी ने सीएसके को उसके घरेलू मैदान एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर सिर्फ एक बार हराया है और वह भी 2008 में टूर्नामेंट के पहले सीजन में। आरसीबी की मौजूदा टीम में सिर्फ स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ही उस मैच का हिस्सा थे और अब वह दूसरी बार सुपर किंग्स के किले को भेदना चाहेंगे। इस मैदान का नाम चेपॉक स्टेडियम भी है।एम ए चिदंबरम स्टेडियम की पिच कैसी होगी?
आईपीएल में अब लगभग सभी मैदान पर रनों की बरसात होती है। हालांकि चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम के साथ ऐसा नहीं है। यहां गेंदबाजों के लिए काफी मदद है। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ यहां रन बनाना आसान नहीं होता। चेन्नई के पास रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के रूप में दो अनुभवी स्पिनर हैं। इसके अलावा नूर अहमद के रूप में एक बेहतरीन चाइनामैन गेंदबाज है। इस तिकड़ी ने कुछ दिन पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था।