भोपाल। राजधानी की बैरसिया तहसील में स्थित गुनगा थाना इलाके के ग्राम धमर्रा में रविवार सुबह तब सनसनी फैल गई, जब लोगों ने सड़क किनारे पेड़ से एक युवक का फांसी पर लटका शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।पुलिस प्रथमदृष्टया इसे खुदकुशी का प्रकरण मानकर चल रही है। हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की शिनाख्त हो गई है। वह उसी गांव का रहने वाला था। वह रात में घर से बाइक लेकर निकला था। उसके बाद घर वापस नहीं लौटा था। मर्ग कायमी के बाद पुलिस ने मामले को विवेचना में ले लिया है।गुनगा थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि 18 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र विपतसिंह अहिरवार ग्राम धमर्रा में परिवार के साथ रहता था। वह निजी काम करता था। शनिवार रात को वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन रात भर घर नहीं लौटा।
सुबह कुछ लोगों ने धमर्रा में सड़क किनारे लगे पेड़ पर वीरेंद्र को फांसी पर लटके देखा। पास ही उसकी बाइक भी खड़ी हुई थी। पुलिस के मुताबिक अभी मृतक के स्वजन के बयान अभी दर्ज नहीं किए जा सके हैं। मामले की जांच चल रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है, उसके बाद ही युवक की मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।