राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ का क्रिकेट मैदान पर सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर से सामना, फिर हुआ कुछ ऐसा
Updated on
23-09-2025 01:25 PM
नई दिल्ली: सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ दो ऐसे नाम हैं जिनके बिना शायद भारतीय क्रिकेट अधूरा हो। जब भी भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की बात होगी इन दोनों का नाम जरूर लिया जाएगा। सचिन और द्रविड़ ने भारत को कई मैच जितवाए हैं। कई अच्छी साझेदारियां दोनों के बीच भी हुई हैं। हालांकि, अब सचिन और द्रविड़ के बेटे भी उनके नक्शे कदम पर हैं और क्रिकेट में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ जहां जूनियर लेवल पर अपने नाम का डंका बजा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। तेंदुलकर आईपीएल में भी डेब्यू कर चुके हैं। समित द्रविड़ बल्लेबाज हैं जबकि अर्जुन तेंदुलकर बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। दोनों का आमना-सामना हाल ही में क्रिकेट के मैदान पर हुआ। आइये, आपको बताते हैं किसने बाजी मारी।समित द्रविड़ और अर्जुन तेंदुलकर का सामना हाल ही में के थिमप्पिया मेमोरियल टूर्नामेंट में हुआ। गोवा और केएससीए सेकरेटरी XI के बीच मुकाबला खेला गया था। इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने कशाब बाकले के हाथों समित द्रविड़ को कैच आउट करवा दिया। समित 26 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके भी लगाए थे। अर्जुन हाल ही में अपनी इंगेजमेंट को लेकर लाइमलाइट में आए थे। उन्होंने हाल ही में सानिया चंडोक से सगाई की है।