
मूंग खरीदी का विवाद थम नहीं रहा है। किसान संगठनों ने आरोप लगाया है कि 1 अगस्त को स्लॉट बुकिंग सिर्फ 2 से 3 घंटे ही हो पाई। हजारों किसान मूंग बेचने से वंचित रह गए हैं। वहीं कांग्रेस ने कहा की प्रदेशभर में ऐसे किसानों की संख्या एक से डेढ़ लाख होगी। समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी 31 जुलाई को खत्म हो गई थी। सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए 1 अगस्त को स्टॉल बुकिंग का मौका दिया था।
किसानों के मुताबिक 1 अगस्त को स्टॉल बुकिंग का पोर्टल 2 से 3 घंटे ही चल पाया। भारतीय किसान संघ के प्रदेश प्रवक्ता राहुल धूत ने कहा कि स्लॉट बुकिंग में बहुत दिक्कतें आई। 1 अगस्त के बाद भी हजारों किसान रह गए हैं। सरकार को कोई रास्ता निकालना चाहिए। कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष केदार सिरोही ने कहा कि डेढ़ लाख किसान मूंग बेचने से वंचित हैं।