भोपाल। लाइसेंस शुल्क और प्रापर्टी टैक्स जमा न करने पर शहर के चार मैरिज गार्डन व कम्युनिटी हाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने उनमें ताले लगा दिए है। यह कार्रवाई निगम के जोन पांच के अंतर्गत आने वाले रियाज अली काका कम्युनिटी हाल, अल कुरैशी कम्युनिटी हाल, हमीद मंजिल व गुलबाग मैरिज गार्डन पर की गई। हालांकि गुलबाग मैरिज गार्डन पर तालाबंदी करने के तुरंत बाद संचालक द्वारा पार्ट पेमेंट करने पर निगम अमले ने ताला खोल दिया। रियाज अली काका कम्युनिटी हाल के आवंटी शोएब कुरैशी द्वारा लायसेंस शुल्क की निर्धारित किस्ते जमा न करने पर कम्युनिटी हाल पर तालाबंदी की।
पहले दिए गए थे नोटिस
नगर निगम द्वारा रियाज अली काका कम्युनिटी हाल आठ लाख 52 हजार वार्षिक मान से शोएब कुरैशी को आवंटित किया गया था। इसकी किस्त जमा न होने पर इसे सील कर दिया गया। इसी प्रकार अल कुरैशी कम्युनिटी हाल अनस को आवंटित किया गया था। लायसेंस शुल्क की बकाया राशि जमा न करने पर कार्रवाई की गई। वहीं 18-सुल्तानिया रोड हमीद मंजिल भवन पर संपत्ति कर की बकाया राशि 19 लाख 49 हजार 336 रुपये भवन स्वामी आयशा बेगम व इफ्तियार खान द्वारा जमा न करने पर कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई से पहले भवन स्वामियों को विधिवत देयक व नोटिस आदि जारी किए गए थे।