मुंबई में आंधी में होर्डिंग गिरा, 14 लोगों की मौत : 74 घायल,100 फीट ऊंचा और 250 टन वजनी लोहे का होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिरा था

Updated on 14-05-2024 11:40 AM

मुंबई में सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे तेज आंधी आई। घाटकोपर में 100 फीट ऊंचा और 250 टन वजनी लोहे का होर्डिंग एक पेट्रोल पंप पर जा गिरा। इस दौरान कुछ कार, टू-व्हीलर्स और पैदल यात्री इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 74 लोग घायल हो गए।

हादसे के फौरन बाद मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआत में होर्डिंग के नीचे 100 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की खबर थी। धीरे-धीरे लोगों को निकाला जा रहा था। इसके बाद NDRF ने मोर्चा संभाला। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शाम को हादसे का जायजा लेने पहुंचे थे।

NDRF के असिस्टेंट कमांडेंट निखिल मुधोलकर ने बताया- सोमवार शाम से बचाव अभियान जारी है। हमने 88 लोगों को बाहर निकाला है, जिसमें से 14 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। 31 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है और बचे हुए लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह होर्डिंग 70X50 फीट का था। इसके मालिक भावेश भिंडे के खिलाफ पंत नगर पुलिस स्टेशन में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली
मुंबई के घाटकोपर, बांद्रा, कुर्ला, धारावी, दादर, माहिम, मुलुंड और विक्रोली में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इनके अलावा, मुंबई के उपनगर ठाणे, अंबरनाथ, बदलापुर, कल्याण और उल्लासनगर में भी धूल भरी आंधी चली। यहां 20 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

चश्मदीद ने बताया- महिलाएं और बच्चे भी फंस गए थे
हादसे के चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा- मैं वहीं पर था। तूफान चल रहा था। गाड़ी हमने साइड में पार्क की। बारिश उस समय ज्यादा थी, इसलिए हम थोड़ा रुके हुए थे। अचानक बोर्ड गिर गया, जो पार्टिशन था, सब नीचे गिर गया। नीचे जितनी पब्लिक थी, टू व्हीलर, फोर व्हीलर सब फंस गए। सब अपनी जान बचा रहे थे। उसमें बच्चे और महिलाएं भी थीं।

CM शिंदे बोले-मुंबई के सभी होर्डिंग्स के ऑडिट किए जाएंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे घटना के बाद रात को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा- घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुंबई में जितने भी होर्डिंग्स हैं, उनका ऑडिट किया जाएगा। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल 5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा भी की है।

फडणवीस बोले- इतना बड़ा स्ट्रक्चर क्या सोचकर लगाया गया
डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा- क्या होर्डिंग के लिए अनुमति ली गई थी? अनुमति किसने दी? क्या अनुमति सही थी? इसकी से जांच की जाएगी। इतना बड़ा होर्डिंग लगाते समय, इतनी तेज हवा चलने को लेकर क्या कोई स्टडी की गई थी? इसकी जानकारी भी ली जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने दुख जताया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जान गंवाने वाले 14 लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा- घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की मैं कामना करता हूं। घायलों को मेडिकल असिस्टेंस के अलावा मुआवजा भी मिलना चाहिए।

तूफान का असर हवाई, रेलवे और रोड ट्रैफिक पर भी दिखा

मुंबई में तूफान का असर मुंबई एयरपोर्ट पर पड़ा है। यहां कुछ समय के लिए इंटरनेशनल और डोमेस्टिक फ्लाइट्स की लैंडिंग और टेक-ऑफ बंद कर दिया गया था। एयरपोर्ट ट्रैफिक करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। 15 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि कुछ का समय बदला गया।

मुलुंड और ठाणे स्टेशनों के बीच एक ओवरहेड तार को जोड़ने वाले खंभे के गिरने के कारण इस ट्रैक पर ट्रेन सेवाएं रोक दी गईं। इसके अलावा तूफानी बारिश में मुंबई मेट्रो की सेवा भी प्रभावित हुई। हालांकि दो घंटे बाद मेट्रो सेवा बहाल कर दी गई।

तेज आंधी की वजह से वडाला में अंडर-कंस्ट्रक्शन मेटल पार्किंग टावर गिर गया। इसकी चपेट में कई वाहन आ गए। जोगेश्वरी इलाके में ऑटो पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। नवी मुंबई के एरोली, घनसोली और वाशी में पेड़ गिरने की खबर है। कई इलाकों में पानी भरने की खबर है, इससे ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 13 March 2026
शिमला, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब हिमाचल प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर पड़ना शुरू हो गया है। LPG सिलेंडर और पेट्रोज-डीजल की कमी की आशंका ने पर्यटकों…
 13 March 2026
श्योपुर: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बोत्स्वाना से आए नौ नए मेहमानों को अब अपनी भारतीय पहचान मिलने वाली है। 28 फरवरी को लाए गए इन चीतों के नामकरण…
 13 March 2026
बदायूं: उत्‍तर प्रदेश के बदायूं में एचपीसीएल प्‍लांट के डिप्‍टी जनरल मैनेजर और एजीएम की हत्‍या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी…
 13 March 2026
नई दिल्ली, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को संसद में बताया कि इंडिगो में पायलट-टू-एयरक्राफ्ट रेश्यो 7.6 है यानी एक विमान के लिए एवरेज 8 पायलट हैं। ये देश की अन्य…
 13 March 2026
नई दिल्ली/श्रीनगर/देहरादून/जयपुर, पहाड़ी राज्यों में एकबार फिर बर्फबारी हो रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है। यहां स्नोफॉल के साथ बारिश का…
 11 March 2026
गाजियाबाद: करीब दो वर्षों से चल रहे गाजियाबाद के हाउस टैक्स विवाद का आखिरकार पटाक्षेप हो गया है। 10 मार्च को शासन ने नगर निगम द्वारा लागू की गई बढ़ी हुई…
 11 March 2026
मऊ: उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में शाहगंज रेलखंड पर प्रस्तावित अंडरपास को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। घोसी सांसद राजीव राय और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके…
 11 March 2026
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से शादी के दौरान बवाल का मामला सामने आया है। घटना खतौली थाना क्षेत्र का है। दरअसल, इलाके के एक गांव में शादी वाले घर पर…
 11 March 2026
जयपुर: राजस्थान में एलपीजी गैस की सप्लाई में कटौती के साथ ही कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने लगी हैं। घरेलू इस्तेमाल वाले 14.5 किलो के सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं से 600…
Advt.