
वेब सीरीज मिर्जापुर-3 में पुलिसमैन वाल्मीकि का किरदार निभाने वाले भोपाल के एक्टर अजहर कुरैशी उर्फ लकी खान का कहना है कि शूटिंग के दौरान उन्होंने ईयर प्लग यूज नहीं किए।
बोले, 'एक्टिंग से पहले मैं फोर्स (SF 23वीं बटालियन) में रहा हूं। यह बात वेब सीरीज में गुड्डू पंडित का रोल निभाने वाले अली फजल को पता थी। टीम ने मुझे बंदूक चलाने से पहले ईयर प्लग दिए। मैंने मना कर दिया। टीम ने मुझसे कहा कि आवाज बहुत तेज होगी, कान में दर्द होगा। तब अली ने टीम को बताया कि भाईजान फोर्स वाले हैं, इन्हें आदत है।
अजहर ने बताया, 'मुझे पिता की जगह फोर्स में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। 9 साल बाद फोर्स छोड़कर मैं मुंबई चला गया। वहां लोगों ने कहा कि आपको अभी ट्रेनिंग की जरूरत है। इसके बाद मैं लौटकर आया और कुछ रंगकर्मियों के साथ समय बिताया। इस बीच एक फिल्म मिली, लेकिन ये रिलीज नहीं हुई। 2021 में फिल्म 'कठहल' और 2022 में वेब सीरीज में 'मिर्जापुर' मिली।'
अजहर के मुताबिक, भारत भवन में वे हमेशा बैक स्टेज रहते थे, कई सीनियर कलाकारों के साथ बैठते थे, उनके साथ बैठने से जितना ज्ञान मिलता है, उतना कभी नहीं मिला।
इस तरह मिला मिर्जापुर में रोल
अजहर ने बताया, 'मैं मिर्जापुर-3 के लिए ऑडिशन दे चुका था। उस समय मैं कठहल शूट कर रहा था। मेरा लुक काफी बदल गया था। इस बीच मुझे कास्टिंग बे अप्रोच किया और कहा कि एक बार और ऑडिशन देना चाहिए, फिर मैंने एक और ऑडिशन दिया। मैं सिलेक्ट हो गया। इस तरह से मुझे मिर्जापुर मिली।'
एक अन्य भोपाल के कलाकार उदय अठरोलिया के बारे में अजहर ने बताया कि वे बहुत बेहतर कलाकार और एक अच्छे इंसान हैं। हम जब सेट पर थे, तो हमारी खूब बात भी हुई। भोपाल के बारे में खासतौर पर बात होती थी।
साल 2008 में मिला था पंकज त्रिपाठी से
एक्टर ने बताया, 'पंकज त्रिपाठी से 2008 में मिला था, जब वह भोपाल आए थे। हम भोजपुर में शूटिंग कर रहे थे। पहाड़ी इलाका था और धूप काफी थी, जैसे ही वे वैनिटी से बाहर आए तो उन्होंने मुझे बोला कि धूप में क्या कर रहे हो? वैनिटी वेन में आ जाओ। इससे पता चलता है कि वह कितने हंबल हैं। इसके बाद हम बाइक से भी घूमे और खूब बातें होती थीं, वह बहुत ही बढ़िया इंसान हैं।' अजहर ने बताया कि मिर्जापुर 3 में पंकज जी से बात नहीं हो सकी।
लुक्स नहीं रखता मायने, एक्टिंग आना जरूरी
अजहर ने बताया कि जो भी युवा एक्टिंग फील्ड में आगे जाना चाहते हैं, तो यह याद रखें कि अब यहां लुक्स मायने नहीं रखते हैं, आपको एक्टिंग आना जरूरी है। अगर आप बहुत हैंडसम हैं या लड़की हैं तो बहुत खूबसूरत हैं तो इतना काफी नहीं है, आपको एक्टिंग आना जरूरी है। अगर आपको अच्छी एक्टिंग आती है तो ही आप एक्टिंग फील्ड में जाएं। अगर आप भोपाल से हैं, तो जान लीजिए आपके पास एक बहुत अनोखी चीज यानी भारत भवन है, यहां सीखें और आगे बढ़ें।
OTT के बारे में कहा
अजहर ने कहा कि OTT रिजेंबल करता है प्रतिक्रिया को, मूवी में थोड़ा बनावटीपन होता है, मगर ओटीटी पर सब कुछ रियलिस्टिक होता है। जब आप अपने दोस्त से बात करते हो तो आप जनाब से कब बात करते हो, कई बार गाली भी देते हो, वह प्यार होता है एक तरह का, इसी तरह से ओटीअी भी असलियत को सामने लाता है। हां यह कह सकते हैं कि यह सबसे देखने के लायक नहीं होता है। या हम परिवार के साथ नहीं देख सकते, मगर जो हम असल जिंदगी में हम जिस तरह से जीते हैं, ओटीटी इस तरह से बनता है।
एक और वेब सीरीज में जल्द आऊंगा नजर
अजहर ने बताया कि जल्द ही वह एक अन्य वेब सीरीज में नजर आएंगे, जिसकी शूटिंग भोपाल में होनी है। मिर्जापुर के डायरेक्टर गुरमीत सिंह की एक अन्य वेब सीरीज है, जो कि माफिया बेस्ड फिल्म है। इसमें मैं एक गैंगस्टर रिजवी के कैरेक्टर में नजर आऊंगा।