रामायण के प्रभाव को भुनाने की कोशिश में बॉलिवुड, फिल्मी दुनिया ने लगाई राम से लगन, हालिया फिल्में हैं सबूत

Updated on 16-11-2024 12:49 PM

सिया राममय सब जग जानी।


करउं प्रणाम जोरि जुग पानी।।


गोस्वामी तुलसीदास की लिखी इस चौपाई का अर्थ है, 'पूरे संसार में श्रीराम का निवास है। सब में भगवान हैं और हमें उनको हाथ जोड़कर प्रणाम कर लेना चाहिए।' फिलहाल मनोरंजन की दुनिया राममय हो चुकी है। साहित्य, नाटक, टीवी शो, फिल्म- हर जगह राम और सिर्फ राम नाम का शब्द गुंजायमान है।


पटकथा में रामकथा


सबसे पहले कमाई के लिए चर्चित फिल्म 'सिंघम अगेन' और 'भूल भुलैया 3' की बात कर लें। 'सिंघम अगेन' की कहानी में नायक बाजीराव सिंघम को राम की संज्ञा देकर रामायण के बाकी चरित्रों को भी आज के किरदारों में प्रतिस्थापित किया गया है। हमने इस फिल्म में सीता, लक्ष्मण, हनुमान और गरुड़ के प्रतिरूपों को देखा। कहना मुश्किल है कि पटकथा में रामकथा समाहित करने से फिल्म को लोकप्रियता मिली या 8 लोकप्रिय सितारों के जमावड़े और रोहित शेट्टी की फिल्म मेकिंग कारगर और कमाल साबित हुई। समाजशास्त्री और फिल्म विश्लेषक देर-सवेर अपने विमर्श में इसकी व्याख्या करेंगे। तत्काल यह दिख रहा है कि भगवान राम की लोकप्रियता और स्वीकृति का 'सिंघम अगेन' में दोहन किया गया है।


नए तरह का राष्ट्रवाद


अब तक रोहित शेट्टी अपने कॉप यूनिवर्स में काल्पनिक कथाएं कहते रहे और खल चरित्रों के रूप में भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों को दिखाते रहे। इस बार स्पष्ट रूप से खलनायक रावण के रूप में एक मुसलमान है और उसके नाम में हाफिज उपनाम भी जोड़ा गया है। जुबैर हाफिज... जी हां, कोई कन्फ्यूजन न हो। मूल नाम नहीं है, लेकिन दर्शक समझ सकते हैं कि यह आया कहां से, यानी हाफिज सईद और पाकिस्तान। यह नए भारत का नया राष्ट्रवाद है। बहरहाल, हम 'सिंघम अगेन' की पटकथा में रामकथा के धार्मिक छींटों पर ही गौर करें। रोहित शेट्टी और उनके लेखक बड़ी होशियारी से शुरू के चंद मिनट कश्मीर में खर्च करने के बाद दक्षिण की यात्रा आरंभ कर देते हैं। रावण दक्षिण में है। तब की लंका और अब की लंका उसकी भूमि है।


राम की अनुगूंज


'भूलभुलैया 3' में वैसे तो भूतिया कहानी है। चुड़ैलों और रूह बाबा के बीच के मजेदार प्रसंग को लेकर रोमांच पैदा करने की कोशिश की गई है। मूल कहानी में कुछ जोड़कर इस तीसरी प्रस्तुति में नए मोड़, प्रसंग और किरदारों के साथ रूह बाबा को रखा गया है। आप गौर कीजिए कि इस फिल्म के टाइटल सॉन्ग में कितनी बार राम शब्द का प्रयोग हुआ है। कार्तिक आर्यन अपने छबीले अंदाज में झूमते हुए थिरकती धुन, झिलमिलाती रोशनी में 'हरे राम हरे राम, हरे कृष्णा हरे राम' गाते हुए दोनों हथेलियों की उंगलियों को खास मुद्रा में नचाते हैं। अंगूठा और कनिष्ठ उंगली खड़ी है। बीच की तीन उंगलियां हथेली से चिपकी रहती हैं। थिरकती धुन पर बार-बार 'हरे राम हरे राम' की अनुगूंज सुनाई पड़ती है। दर्शक पारंपरिक जाप की आधुनिक स्वर लहरियों में खो जाते हैं। राम-राम का उद्गार हमारे अंदर संचारित हो रहा है और हम भाव विभोर होकर राममय हो रहे हैं।


जबरदस्त कमाई


इसी महीने 1 नवंबर को रिलीज हुई दोनों फिल्मों की सफलता, लोकप्रियता और कमाई में फिलहाल देश के माहौल के राममय होने का सीधा असर है। फिल्मों से निकलें और नाटक की बात करें। आप सभी वाकिफ होंगे कि आशुतोष राणा इन दिनों ‘हमारे राम’ नाटक में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कुछ बरस पहले ‘रामराज्य’ शीर्षक से राम कथा लिखी थी। भाषा लालित्य और मधुर प्रसंगों के मार्मिक और वैचारिक वर्णन की वजह से उनकी कृति काफी चर्चित रही। अब वह गौरव भारद्वाज निर्देशित ‘हमारे राम’ का मंचन कर रहे हैं। इस नाटक में राहुल भुचर श्रीराम की भूमिका में हैं। यह नाटक राहुल भुचर का ही आइडिया है।


रंगमंच में श्रीराम


'हमारे राम' पहले मंचन के साथ ही सफलता की सीढ़ियां चढ़ता जा रहा है। पिछले दिनों मथुरा में इसका 115वां शो हुआ, जिसमें हेमा मालिनी भी उपस्थित थीं। नाटक के आगामी शो की जानकारी और बुकिंग सर्च करने पर आप पाएंगे कि अगले 3 महीने के शो बुक हो चुके हैं। रंगमंच में भी राम का उपयोग हो रहा है और यह दर्शकों को भा रहा है।


टीवी पर लौट रही रामायण


फिल्म, साहित्य और नाटक के बाद एक टीवी शो भी आ रहा है। 18 नवंबर से दूरदर्शन पर ‘काकभुशुंडि रामायण’ का प्रसारण आरंभ होगा। रामायण के निर्माता-निर्देशक रहे रामानंद सागर के पोते शिवसागर इसका निर्देशन कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस रामायण में अनेक अनसुनी कथाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इन कथाओं को VFX के जरिए आकर्षक और प्रभावशाली बनाया जाएगा। और हां, यह बताना न छूट जाए कि दूरदर्शन इन दिनों सुबह 6:30 बजे अयोध्या धाम से सीधे श्री रामलला की आरती का लाइव प्रसारण करता है। लगभग 21 मिनट के इस प्रसारण में दूरदर्शन के दर्शक रामलला की दैनिक आरती का दर्शन और श्रवण करते हैं।

और भी योजनाएं


स्वीकार कर लेने में कोई हर्ज नहीं है कि मनोरंजन की दुनिया भी राममय हो चुकी है। अगले महीनों में कुछ और प्रस्तुतियां विभिन्न माध्यमों से दर्शकों के बीच पहुंच सकती हैं। प्रतीक्षा करें। सचमुच, 'सिया राममय सब जग जानी, करउं प्रणाम जोरि जुग पानी'।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 19 March 2026
एक्ट्रेस सेलिना जेटली की अपने भाई विक्रांत जेटली से मिलने की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। हाल ही में सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि विक्रांत ने अपनी…
 19 March 2026
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा पिछले साल नवंबर महीने में अस्वस्थ थे। जिस कारण उनको अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। हालांकि इलाज के बाद वह घर लौट…
 19 March 2026
'बिग बॉस ओटीटी 3' की कंटेस्टेंट और डिजिल कंटेंट क्रिएटर पायल मलिक तीसरी बार प्रेग्नेंट हैं। वह चौथे बच्चे की मां बनने वाली हैं। उन्होंने अगस्त, 2025 में अपनी प्रेग्नेंसी…
 19 March 2026
सलमान खान की अगली फिल्म 'मातृभूमि' का नया गाना 'चांद देख लेना' रिलीज हो चुका है। 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का ये गाना रोमांटिक होने के साथ-साथ ईद…
 19 March 2026
इन्हें 'भागम भाग' की 'अंजलि सिंह' कह लीजिए '36 चाइन टाउन' की आयशा, बॉलीवुड की इस एक्ट्रेस ने हिन्दी फिल्मों में भले बढ़-चढ़कर काम न किया हो लेकिन इंडस्ट्री में…
 19 March 2026
टीवी की मशहूर और बेहद खूबसूरत एक्‍ट्रेस दिव्‍यांका त्र‍िपाठी मां बनने वाली हैं। दो दिन पहले हमने यह खबर बताई थी कि 'ये है मोहब्बतें' फेम 41 साल की एक्ट्रेस…
 19 March 2026
आदित्य धर की स्‍पाई एक्‍शन सीक्‍वल फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' अब जब सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, तो लगे हाथ उस सवाल का जवाब भी मिल गया है,…
 19 March 2026
साल 2025 में आयोजित महाकुंभ से अगर आपने ममता कुलकर्णी को साध्वी वाले अवतार में और आध्यात्म की बातें करते हुए देखा और सुना है तो अब ब्रेक ले लीजिए।…
 19 March 2026
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2025-26 के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में एक बड़ा बदलाव करते हुए सबसे ऊंचे 'A+' ग्रेड को पूरी तरह खत्म कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक,…
Advt.